झांसी। दुष्कर्म के मामले में दो साल से फरार चल रहे उपजिलाधिकारी ने सोमवार सुबह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। यहां से उसको जेल भेज दिया गया।
जनवरी 2019 में जालौन जिले की रहने वाली एक छात्रा ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट कराई थी कि वह झांसी जिले के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी, तभी साल 2017 -18 में जालौन जिले में तैनात (अब चित्रकूट जिले में तैनात) आगरा के पुष्पांजलि के पास रहने वाले सौजन्य कुमार विश्वास से उसकी जान-पहचान हो गई थी, जो बाद में दोस्ती में बदल गई। एसडीएम ने छात्रा से शादी करने का वादा कर झांसी आकर कई बार उसके साथ कथित रूप से शारीरिक संबंध बनाए थे। इसी बीच छात्रा को जब पता चला कि एसडीएम पहले से ही शादी शुदा है तो उसने विरोध किया। इस पर एसडीएम ने कई बार जबरन संबंध बनाकर अश्लील वीडियो क्लिप भी बना लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। दो साल बीतने के बाद भी आरोपी हाथ नहीं आ सका था। गिरफ्तारी न होने पर सीपरी पुलिस ने घर पर नोटिस भी चस्पा किये थे। पुलिस टीम लगातार दबिश मे लगी रही, लेकिन आरोप हत्थे नहीं चढ़ पाया था। सोमवार को अचानक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।