मऊरानीपुर/खिलारा। मऊरानीपुर थाना इलाके के ग्राम ढकरवारा के नई बस्ती मुहल्ले में रविवार - सोमवार की दरम्यानी रात कोहराम मच गया। यहां कुल्हाड़ी और लाठी - डंडों से लैस होकर आए पांच लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते घर से बाहर बुलाकर एक व्यक्ति को पीटना शुरू कर दिया। बचाने आए वृद्ध पिता और पुत्र पर भी हमला बोल दिया। घटना में वृद्ध पिता की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा व पोता घायल हो गया। वारदात से क्षेत्र में सनसनी है। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। पांच हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
ग्राम ढकरवारा निवासी कालीचरण अपने परिवार के साथ रात में घर पर सो रहा था। इसी दरम्यान रात तकरीबन ग्यारह बजे दरवाजे पर दस्तक हुई। जैसे ही कालीचरण ने दरवाजा खोला, उसे पांच लोगों ने घेर लिया और लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। चीखपुकार सुनकर कालीचरण का पिता हरीदास अहिरवार (70) और पुत्र कौशल किशोर बचाने आए। हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया। घटना में वृद्ध हरीदास गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, इस दरम्यान मौके पर मुहल्ले के कई लोग इकट्ठा हो गए थे, लेकिन कोई बीच बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। बाद में हमलावर धमकी देते हुए वहां से भाग गए। आनन - फानन में सभी घायलों को मऊरानीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने वृद्ध हरीदास को मृत घोषित कर दिया। जबकि, कालीचरण और उसके बेटे कौशल किशोर को उपचार के लिए भर्ती कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, सीओ, कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। मृतक के पुत्र कालीचरण की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही शोभित, मोहित उर्फ शेखचंद्र पुत्रगण लालाराम, प्रेमनारायण, घनश्याम पुत्रगण पन्नालाल, पन्नालाल पुत्र राधे के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिशें जारी हैं, परंतु अभी तक हाथ खाली ही है।
सूत्रों के अनुसार शराब के अवैध कारोबार को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। हालांकि, पुलिस द्वारा घटना की पड़ताल की जा रही हैै।