स्थानीय होटल में पत्रकारवार्ता में जानकारी देते प्रदेश के रेशम, हथकरघा, वस्त्र एवं निर्यात मंत्री उदयभान सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के रेशम, हथकरघा, वस्त्र एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि सरकार लघु व सूक्ष्म उद्योगों को दोबारा खड़ा करने में लगी है। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। साथ ही सरकार की एक जिला एक उत्पाद योजना का असर भी जल्द ही दिखाई देने लगेगा। बुधवार को वीरांगना होटल में यह बात उन्होंने पत्रकारों से कही।
मंत्री ने कहा कि जनसंघ युग में हर हाथ को काम का नारा दिया गया था। उसी तर्ज पर भाजपा काम कर रही है। एक जिला एक उत्पाद के जरिए बेरोजगारों को एक नई ऑक्सीजन मिलेगी। इस योजना के तहत झांसी जनपद में टेडीवियर व रानीपुर टेरीकाट के उद्योग को दोबारा शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए बैंकों को ऋण मिलेगा। ब्याज पर छूट मिलेगी। हालांकि, इस योजना पर क्रियान्वयन कब शुरू हो सकेगा, इसका वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
साथ ही उन्होंने साफ किया कि सूती मिल अब दोबारा चालू नहीं हो सकेगी। रेशम उद्योग को दोबारा खड़ा करने के लिए भी सरकार गंभीरता से योजना बना रही है। इस अवसर पर महापौर रामतीर्थ सिंघल, विधायक रवि शर्मा, जयदेव पुरोहित, प्रदीप सरावगी, मुकेश मिश्रा, जगदीश सिंह चौहान मौजूद रहे।