झांसी। भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन पर शहर से दूर रहने वाले भाइयों को राखी भेजने के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा नई व्यवस्था को शुरू किया गया है। इसके लिए प्रधान डाकघरों में एक काउंटर को रिजर्व कर दिया गया है। वहीं डाकघर के बाहर लेटर बाक्स को लगा दिया गया है। राखी भेजने के लिए विशेष तरह के लिफाफों की व्यवस्था की गई है। देश में कहीं भी राखी अब सिर्फ चार दिन के भीतर ही पहुंच जाएगी।
22 अगस्त को देश भर में रक्षा बंधन मनाया जाएगा। इस पर्व में बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र के लिए कलाई पर राखी बांधती हैं। जो बहनें अपने भाइयों से दूर हैं, वे डाक के माध्यम से अपनी राखियां भाई तक पहुंचाती हैं। भाई की कलाई पर समय से राखी बंध सके इसके लिए डाक विभाग द्वारा विशेष तैयारियों को शुरू कर दिया गया है। राखी को लिफाफे में रखकर सामान्य डाक, स्पीड पोस्ट के साथ ही रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा जा सकता है। विभाग द्वारा राखी को महज चार दिन के भीतर ही पहुंचा दिया जाएगा।
इस संबंध में सीनियर पोस्ट मास्टर जीए खान ने बताया कि रक्षा बंधन को लेकर विभाग के सभी कर्मचारियों को खास सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। राखियों को भेजने के लिए विशेष काउंटर के साथ डाकघर के बाहर लेटर बाक्स को लगा दिया गया है। देश भर में किसी शहर में चार दिन के भीतर ही रखी को पहुंचा दिया जाएगा।
राखी भेजने के लिए डाकघर से मुफ्त मिल रहा लिफाफा
झांसी। भाईयों को डाक से राखी भेजने के लिए बहनों को प्रधान डाकघर में मुफ्त में लिफाफा दिया जा रहा है। यह लिफाफा पूरी तरह से वाटर प्रूफ है। इससे पहले लिफाफे के लिए दस रुपये अदा करना पड़ते थे।