झांसी। नई बस्ती स्थित रघुनाथ राव पार्क बनकर करीब तैयार हो चुका है। नगर निगम ने इस पार्क को नए सिरे से बनाने में कुल 1.74 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इससे पुराने पार्क की पूरी सूरत बदल गई है। नए कलेवर में सजे पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक झूले लगाए गए हैं। पार्क का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराए जाने की तैयारी है।
ऐतिहासिक रानी महल के पास स्थित रघुनाथ राव पार्क की गिनती शहर के पुराने पार्कों में होती है। यह ऐतिहासिक महत्व का पार्क था लेकिन, बाद में रखरखाव न होने की वजह से पार्क की खूबसूरती खत्म होती गई। पिछले साल तक पार्क का भीतरी हिस्सा नष्ट हो गया था। इस वजह से धीरे-धीरे यहां लोगों का आना-जाना भी खत्म हो गया। नगर निगम ने अटल योजना के जरिए इस पार्क को संवारने की योजना तैयार की। अटल प्रोजेक्ट से कुल 1.72 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। इसके बाद पार्क के सौंदर्यीकरण का काम आरंभ हुआ। अब करीब एक साल बाद पार्क का काम पूरा हो गया। इसकी सूरत बदल गई है। क्षतिग्रस्त हो चुकी बांउड्रीवाल को नए सिरे से बनाया गया है। आसपास के पुराने ऐतिहासिक महत्व की इमारतों को देखते हुए बाउंड्रीवाल में लाल पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। दरवाजे को खास तौर से सजाया गया है। अंदर जनसुविधाओं का ख्याल रखते हुए सिक्स सीटर शौचालय बनाया गया है। पूरे पार्क में हरियाली के लिए मैट घास बिछवाई गई है। नए पौधे भी लगाए गए हैं। पार्क की खूबसरती बढ़ाने को करीब दस फुट ऊंचा फाउंटेन भी लगाया गया है। पार्क को अंदर से जोड़ने के लिए पाथ वे बनाया गया है। मार्निंग वॉक के लिए लोग इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। पार्क के अंदर चारों ओर सजावटी लाइटें लगाई गई हैं। रात में भी पूरा पार्क रोशनी से जगमग रहेगा। लाइटें पुराने समय के लिहाज से उसी डिजाइन में लगाई गई हैं। एक्सईएन एमके सिंह का कहना है निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है। बस फिनशिंग का काम शेष है। वह जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उनका कहना है कि इस पार्क का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री के हाथों कराया जाएगा।