बदमाशों ने हैक कर महंगी कार चुराई
झांसी। शिवाजी नगर से बुधवार की तड़के बदमाश महंगी कार का नेटवर्क हैक कर उसे चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरे में वारदात रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर निवासी रामजी परिहार ने 28 अगस्त को 34 लाख से अधिक कीमत की गाड़ी खरीदी थी। गाड़ी घर के बाहर खड़ी रहती थी। गाड़ी पूरी तरह से अत्याधुनिक थी। बिना चाबी के ही गाड़ी का संचालन होता था। मगर, बुधवार की सुबह करीब 4.28 बजे कार सवार बदमाश आए और उन्होंने लैपटॉप की मदद से गाड़ी के सिस्टम को हैक (नेटवर्क को अपने अधिकार में लेना) कर लिया। इसके बाद गाड़ी के एक गेट के कांच को खोला और आराम से उसको चुराकर ले गए। गाड़ी मालिक को सुबह जागने पर गाड़ी चोरी होने का पता लगा। सूचना पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश गाड़ी को ले जाते दिखाई दे गए।