पिंक टॉयलेट में लटका ताला
झांसी। बुंदेलखंड महाविद्यालय के सामने महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक टॉयलेट पर बुधवार को ताला लटका रहा। टॉयलेट के इर्दगिर्द पोस्टर चिपके रहे, जिन पर लिखा था कि भुगतान न होने के कारण समस्त कार्य बंद हैं। टॉयलेट बंद होने की वजह से वहां आने वाली महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ी।
स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत बुंदेलखंड महाविद्यालय के सामने पिंक टॉयलेट का निर्माण किया गया है। इसकी शुरुआत 15 अगस्त को की गई थी। लेकिन, दो माह बाद ही इसके संचालन की व्यवस्था गड़बड़ा गई है। बुधवार को टॉयलेट पर दिन भर ताला लटका रहा। बाहर दीवारों पर जगह-जगह पोस्टर लगे रहे, जिन पर लिखा हुआ था कि भुगतान न होने के कारण समस्त कार्य बंद कर दिया गया है। दो माह बाद ही टॉयलेट का ये हश्र देखकर लोग चर्चा करते रहे।
इस बारे में महापौर रामतीर्थ सिंघल ने बताया कि निर्माण करने वाली एजेंसी को ही इसके रखरखाव की जिम्मेदारी दी गई है। टॉयलेट बंद होने का कारण पता नहीं है। लेकिन, बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी कर इसका संचालन शुरू कराया जाएगा। वहीं, स्मार्ट सिटी योजना के नोडल अधिकारी अमित कुमार शर्मा ने कहा कि ठेकेदार का भुगतान कर दिया गया है।