झांसी। शासन के प्रमुख सचिव सुधीर गर्ग ने कहा कि बुंदेलखंड में धान की फसल को प्रोत्साहित न किया जाए। इसमें अधिक पानी की आवश्यकता होती है। यहां तिलहनी फसलों को बढ़ावा दिया जाए। यह बात उन्होंने मंगलवार को आयोजित विकास कार्यों व लाभपरक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कही।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि यहां बिजली, रोजगार सृजन, खाद्यान्न वितरण व पशु चारण पर विशेष ध्यान दिया जाए। बुंदेलखंड के लिए कठिन वर्ष है। पानी से यहां पलेवा भी नहीं हो पाया है। जिले में लघु सिंचाई विभाग, ग्राउंड वाटर विभाग व जल निगम की टीम बनाकर उपलब्ध पानी के सही उपयोग के प्रयास किए जाएं। सभी विभागों के सामंजस्य से क्षेत्र में रोजगार सृजन के अधिक से अधिक कार्य किए जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्य तय अवधि में पूर्ण करें। काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों को काली सूची में डाला जाए। निर्माण कार्यों में गति लाई जाए। कर करेत्तर की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि वसूली में तेजी लाएं। व्यापार कर व परिवहन विभाग को उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
समग्र ग्राम की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम पूरे करें। गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। मनरेगा के तहत ज्यादा से ज्यादा रोजगार पैदा करने वाले कार्यों को चिह्नित करें।
प्रशिक्षितों से सिलवाएं स्कूल यूनिफार्म
झांसी। बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि बुंदेलखंड में अधिक से अधिक रोजगार सृजित किए जाएं। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। बच्चों की स्कूल यूनिफार्म कौशल विकास मिशन व स्वयं सहायता समूह के तहत प्रशिक्षित बेरोजगारों से सिलाई जाए। इससे सीधा लाभ होगा। इसके अलावा अन्य विधाओं के प्रशिक्षितों के रोजगार पर भी ध्यान दिया जाए।
हर पात्र को मिलेगा सस्ता अनाज: प्रमुख सचिव
झांसी। शासन के प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद /जिले के नोडल अधिकारी सुधीर गर्ग ने कहा कि सूखे से उत्पन्न परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत हर पात्र व्यक्ति को चयनित किया जाएगा। इसमें तय संख्या से कोई सरोकार नहीं रहेगा। हर जरूरतमंद को सस्ता अनाज मिलेगा।
स्टेडियम में बनेगा फोम एथलीट ट्रैक
झांसी। विकास कार्यों की हकीकत जानने मंगलवार को झांसी आए प्रमुख सचिव सुधीर गर्ग ने ध्यानचंद स्टेडियम में चल रहे एस्ट्रोटर्फ के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की धीमी गति पर असंतोष जताया तथा तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्टेडियम में फोम एथलीट ट्रैक बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव को कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि एस्ट्रोटर्फ का निर्माण कार्य मार्च माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। लेकिन, प्रमुख सचिव ने तय अवधि में काम पूरा होने पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि अब तक बेस का काम भी पूरा नहीं हो पाया है। यदि इसी गति से काम चलता रहा तो मार्च माह तक पूरा नहीं हो पाएगा। उन्होंने काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने ताकीद दी कि एस्ट्रोटर्फ के निर्माण में किसी भी तरह की तकनीकी खामी नहीं होनी चाहिए तथा गुणवत्ता का भी विशेष ख्याल रखा जाए। स्टेडियम के ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए प्रमुख सचिव ने चार सौ मीटर का एथलीट ट्रैक बनाने के निर्देश दिए। इस पर खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उनके पास चार सौ मीटर का स्टैंडर्ड एथलीट ट्रैक बनाने के लिए जगह नहीं है। इस पर प्रमुख सचिव ने दो सौ मीटर का फोम एथलीट ट्रैक बनाने को कहा।
विकास भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि सूखे के प्रकोप के चलते सरकार का बुंदेलखंड पर विशेष ध्यान है। यहां तीन चीजों को फोकस किया जा रहा है, जिनमें विद्युत व्यवस्था, रोजगार सृजन व पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न व पशु चारे की उपलब्धता है। इस मामले में स्थानीय प्रशासन का काम संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध पानी के अधिक से अधिक उपयोग के लिए यहां डीएम द्वारा टीम बनाकर समाधान खोजा जा रहा है। मनरेगा के तहत लगातार मानव दिवस बढ़ाए जा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने बताया कि वैसे तो यहां निर्माण कार्यों की स्थिति ठीक है, परंतु सेतु निगम के कार्य विलंबित हैं। जबकि, राजकीय निर्माण निगम के कार्यों की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगे हैं। इसकी जांच कराई जाएगी।
बातचीत के दौरान जिलाधिकारी अनुराग यादव व मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार मौजूद रहे।