झांसी। आरपीएफ आईजी रेनु पुष्कर का बुधवार को झांसी मंडल में आगमन हुआ। सबसे पहले उन्होंने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे पोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें सारी व्यवस्था चाक-चौबंद मिलीं। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
इससे पहले आईजी ने प्रयागराज-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में यात्री सुविधा और सुरक्षा को परखा। उन्होंने सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें, स्मार्ट तरीके से काम करें, ट्रेनों में आपराधिक घटनाओं को रोकने का खाका तैयार करने की सलाह दी। इसके अलावा आज के समय में बढ़ती साइबर अपराधों को लेकर भी सतर्क रहने और समस्या को सुलझाने के लिए इसका प्रशिक्षण लेने को कहा। इस दौरान झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण, सहायक सुरक्षा आयुक्त कृष्णानंद तिवारी, ग्वालियर सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार त्यागी, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार, लोको शेड थाना प्रभारी निरीक्षक विकास मौजूद रहे।