अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जेलर कस्तूरीलाल गुप्ता पर प्राणघातक हमला करने की साजिश रचने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर कमलेश यादव को पूछताछ के लिए पुलिस अगले सप्ताह वारंट-बी पर रिमांड में लेकर यहां आएगी। इसके पहले दो जनवरी को उसे यहां लाने की तैयारी थी लेकिन उसकी तबीयत खराब होने से लाया नहीं जा सका। अब अगले सप्ताह यहां लाने की तैयारी है।
14 दिसंबर को जेलर कस्तूरीलाल गुप्ता पर जानलेवा हमला करके उनको घायल कर दिया गया। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर बदमाश कमलेश यादव के पुत्र अमित एवं सुमित समेत उसके दो साथियों के खिलाफ नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब हिस्ट्रीशीटर की पत्नी ही फरार है।
वहीं, पूछताछ में साजिशकर्ता के तौर पर हिस्ट्रीशीटर कमलेश यादव का नाम सामने आया। पुलिस ने उसके खिलाफ साजिश रचने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। दो जनवरी को उसे हमीरपुर जेल से यहां लाया जाना था लेकिन तबीयत खराब होने के चलते से लाया नहीं जा सका। नवाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक अगले सप्ताह से लाकर पूछताछ की जाएगी।