संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। ग्राम कनेछा के आंगनबाड़ी केंद्र में बड़ा हादसा होने से बच गया। केंद्र के कमरे की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय बच्चे कमरे के बाहर मैदान में खेल रहे थे, जिससे सभी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद से ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश है।
आंगनबाड़ी कर्मचारी प्रेमा देवी ने बताया कि केंद्र का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। दो दिन पहले अचानक छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। प्लास्टर गिरने से कमरे में लगा पंखा भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्लास्टर गिरने के बाद कमरे में फैला मलबा हटवाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को कमरे के दूसरे कोने में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है। हालांकि पूरे कमरे की छत का प्लास्टर कमजोर हो चुका है और कभी भी फिर से गिर सकता है। ऐसे में बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। आंगनबाड़ी कर्मचारी ने बताया कि घटना की सूचना विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।