मुर्गा मछली मार्केट के पास नमकीन के गोदाम में लगी आग से उठता धुआं। अमर उजाला
झांसी। थाना कोतवाली इलाके में बीती रात दुर्गा उत्सव पंडाल में लगी आग से लोगों में आक्रोश फैल गया। भारी भीड़ जुट गई। हिंदू संगठनों के पदाधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
एक संप्रदाय विशेष के युवकों पर आरोप लगाया गया। कुछ ही देर में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। किसी तरह से हालात पर काबू पाए गए। चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जिसमें एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महानगर के तलैया मुहल्ले में गुरुद्वारे के पीछे एक गली में पिछले दस सालों से दुर्गा उत्सव मनाया जाता आ रहा है। इस बार भी क्षेत्र के युवकों की टोली ने मां की मूर्ति यहां स्थापित की थी। बृहस्पतिवार को रात की आरती के बाद पंडाल में दो-तीन लोग सोये हुए थे। इसी दरम्यान पंडाल में आग लग गई। यहां मौजूद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल पहुंच गया। लोगों ने पास में रहने वाले संप्रदाय खास के युवकों पर आरोप लगाया। गुस्साई भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। एसएसपी शिवहरि मीना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसी बीच मूर्तिकार को बुलाकर मूर्ति को दुुरुस्त कराया गया। तकरीबन साढ़े नौ बजे भारी पुलिस बल के साथ मूर्ति को विसर्जन के लिए आनन-फानन में लक्ष्मीताल ले जाया गया। मूर्ति के साथ-साथ नगर विधायक रवि शर्मा व हिंदूवादी संगठनों से जुड़े नेता भी लक्ष्मी ताल पहुंच गए। इसी बीच तलैया मुहल्ला निवासी निकेश अहिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुहल्ले के ही अकरम, अमजद, एजाद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया। एफआईआर की कॉपी हाथ में आने के बाद एक बार फिर माहौल गरमा गया। लोगों ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए और उन्होंने मूति विसर्जित करने से मना कर दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। बाद में पुलिस द्वारा मुकदमे में धारा बढ़ाए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोग माने। इसके बाद लक्ष्मीताल में मूर्ति का विसर्जन किया गया। घटना से क्षेत्र का माहौल गरमाया रहा। दिन भर वहां भारी संख्या में पुलिस तैनात रही।
इस मौके पर हिंदूवादी संगठन के नेता अंचल अड़जरिया, विनोद अवस्थी, संजीव तिवारी, विकास अवस्थी, पीयूष नायक, नीरज गुप्ता आदि मौजूद रहे।