झांसी/रक्सा/मोंठ। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बबीना और गरौठा विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित कर कहा कि सपा सरकार में हुए मकान, दुकान, खेतों पर कब्जे, बहन-बेटियों का सार्वजनिक अपमान और व्यापारी के अपहरण, फिरौती के धंधेे को जनता भूली नहीं है। जनता सिर्फ मतदान की तारीख का इंतजार कर रही है। जनता बुंदेलखंड की सभी 19 सीटें पर फिर से भाजपा को जिताएगी।
रक्सा में उमा भारती ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद एक बार मौका मिला, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम बनने के बाद एक हजार साल की गुलामी को खत्म कर दिया। देश-प्रदेश और बुंदेलखंड में विकास की बहार आई। भाजपा ने ही बुंदेलखंड में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना शुरू की। मोदी-योगी की सरकार ने हर घर जल-हर घर नल की व्यवस्था कराई। डिफेंस कॉरिडोर, सैनिक स्कूल, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि समेत कई जनकल्याणकारी योजनाओं से बुंदेलखंड के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उमा ने कहा कि बबीना से राजीव सिंह पारीछा नहीं, बल्कि वह चुनाव लड़ रही हैं। बुंदेलखंड मेरे सपनों, कर्मभूमि और रणभूमि है। यहां की सभी सीटों पर मेरी प्रतिष्ठा लगी है। बुंदेलखंड की सभी सीटों पर भाजपा की विजय ही मेरा सम्मान होगा। सभी गिले शिकवे मिटाकर चुनाव में लग जाएं। केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि चुनाव को देखते हुए छोटे-मोटे गुंडे अभी निकल आए हैं। मगर लोग चिंता न करें 10 मार्च के बाद ये दिखाई नहीं देंगे। विधायक राजीव पारीछा ने कहा कि भाजपा सरकार में ही सर्वसमाज का विकास संभव है। इस दौरान प्रीतम सिंह लोधी, विधानसभा प्रभारी रमेश लोधी, ब्लॉक प्रमुख लोकपाल राजपूत, बृजेंद्र राजपूत, अरविंद राजपूत, रमेश राजपूत, सुबोध गुबरेले, श्रीलाल अहिरवार, राजेश त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य रोहित लोधी, विवेक राजपूत, गोली माते मौजूद रहे।
वहीं, मोंठ में गल्ला मंडी प्रांगण में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि सपा सरकार में गुंडाराज, गरीबों के मकान, जमीन पर कब्जे होना आम बात थी। गुंडागर्दी की दहशत से क्षेत्र की जनता परेशान थी। अगर सुकून चाहिए तो सभी लोग भाजपा के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताएं। सपा आई तो फिर से गुंडागर्दी और दहशत का माहौल लौटेगा। बोलीं कि गरौठा की जनता को ऐसा ईमानदार विधायक मिला है, जिसने इस क्षेत्र में गुंडा राज को खत्म कर अवैध कब्जों को हटवाया। मोठ के चौपड़ा तालाब को खुलवा दिया। आज क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और लोग मारपीट से बचे हुए हैं। गरीबों को न्याय मिला है। जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब, बेसहारा लोगों को प्रधानमंत्री आवास, विद्युत कनेक्शन, गैस सिलिंडर, पेंशन जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ नि:शुल्क दिया गया है। सड़कों का निर्माण कराया। गरीब व असहाय लोगों को आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक गंभीर बीमारियों के लिए निशुल्क उपचार व निशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। योगी राज में अमन चैन व शांति कायम है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भानु वर्मा, जिला अध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा, अनुपमा लोधी, एमएलसी रमा निरंजन, पूर्व जिलाध्यक्ष जयदेव पुरोहित, पूर्व ब्लाक प्रमुख अरिदमन सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, अजय शुक्ला, विपिन पाठक, दिनेश राजपूत, कपिल मुद्गिल, महेंद्र पुजारी, मनोज तिवारी, सुरजीत राजपूत, अवधेश अग्रवाल समेत कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अखिलेश पर चुटकी भी ली
उमा भारती ने अखिलेश यादव के सपने में श्रीकृष्ण आने की बात पर चुटकी ली। कहा कि उन्हें भी एक दिन सपना आया और सपने में शोले फिल्म का दृश्य दिखा। जिसमें गब्बर कहता है कि जब दूर गांव में बच्चा रोता है तो मां कहती है सो जा वरना गब्बर आ जाएगा। इसी तरह, जनता भी जानती है कि सपा का जंगलराज फिर से न आ जाए, इसलिए मतदान दिवस पर भाजपा को वोट डालना है।