दतियागेट अंदर के मुकरयाना के हॉट स्पॉट इलाके की गलियों की लोगों ने उखाड़ दी बल्लियां। अमर उजाला
झांसी। महानगर के सात इलाकों में कोरोना वायरस संक्रमण मिलने के बाद क्षेत्राें को हॉटस्पॉट घोषित कर रास्तों में बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है, लेकिन इन इलाकों में लोगों को संक्रमण का खौफ नहीं है। शनिवार को दतिया गेट अंदर के पास अंदर जाने वाले मार्ग पर लोगों ने रास्तों की बैरिकेडिंग तोड़कर आराम से आवाजाही शुरू कर दी है। पुलिस की नजर पड़ने के बाद भी कोई सुध नहीं ली गई।
पिछले दिनों महानगर के बिसातखाना, ओरछा गेट, नंदनपुरा, नझाई बाजार, तालपुरा, बल्लमपुर गांव, हंसारी में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद इन इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित करने के बाद रास्ते बंद कर दिए गए थे। इन रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात कर आने-जाने वालों पर सख्ती बरतना भी शुरू कर दी गई थी। लॉकडाउन हटने के बाद ही लोगों ने रास्तों पर लगे बैरिकेडिंग तोड़कर अलग कर दिए थे। इसी बीच पुन: कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के बाद एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने हॉटस्पॉट इलाकों में सुरक्षा बरतनेे के निर्देश दिए थे। इसके बाद फिर से सख्ती बढ़ाकर बैरिकेडिंग लगा दी गई थी। पांच दिन पहले ही सुरक्षा बढ़ाकर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। शनिवार को दतिया गेट अंदर के पास अंदर जाने वाले मार्ग व गलियों की लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, इसके बाद धड़ल्ले से सभी निकल रहे हैं।