कागज पूर्ण कराने में जुटे लोग, ग्रामीण परिवेश व संस्कृति से रूबरू करने को चलाई जा रही योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना में स्थानीय लोग रुचि दिखा रहे हैं। पर्यटन कार्यालय में एक व्यक्ति ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। वहीं, सात लोगों ने ऑफलाइन आवेदन किया है।
पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सशक्त करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार होमस्टे की योजना तैयार की है। इस योजना के तहत पर्यटन स्थलों के आसपास होमस्टे विकसित करने के लिए तेजी से कार्य किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए चार ब्लॉक तालबेहट, जखौरा, महरौनी, मड़ावरा मेें विशेष शिविर लगाए गए। इनमें ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य व ब्लॉक प्रमुख शामिल हुए। पर्यटन विशेषज्ञ फिरोज इकबाल ने सभी को इस योजना के विषय में विस्तृत जानकारी दी।
इस योजना का मूल उद्देश्य पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश देना है। पर्यटकों को पर्यटन स्थलों का भ्रमण, खानपान, स्थानीय संस्कृति, खानपान और जीवनशैली का नजदीक से अनुभव करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। सरकार होमस्टे शुरू करने वाले परिवारों की आवश्यक वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और लाइसेंसिंग में मदद करेगी। होमस्टे मालिकों को आतिथ्य, साफ-सफाई, बुकिंग प्रबंधन और विदेशी मेहमानों के साथ व्यवहार जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। होमस्टे निर्माण के दौरान पारंपरिक वास्तुकला और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखा जाएगा।
पंजीकरण करने के लिए आवश्यक अभिलेख
इस योजना के तहत पंजीकरण करने के लिए आवेदक को आधार कार्ड, पैनकार्ड, स्वामित्व का प्रमाणपत्र, पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र, शपथपत्र, प्रशासन की अनापत्ति प्रमाण पत्र, बिजली बिल, घर के सामने, किचन व कमरों की फोटो पंजीयन में लगाने होंगे।
वर्जन
होमस्टे योजना में अभी तक एक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुआ है। वहीं, सात लोगों ने ऑफलाइन आवेदन किया है। उनके कुछ दस्तावेज कम हैं। त्योहारों की छुट्टी के कारण उनके दस्तावेज पूर्ण नहीं हो सके हैं। जल्द पूर्ण कराकर उनका भी ऑनलाइन आवेदन कराया जाएगा।
-हेमलता, जिला पर्यटन अधिकारी।