अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ने बुधवार को अस्पताल का निरीक्षण किया तो कई गड़बड़ी मिली। ओपीडी में चार पंखे खराब थे। न चलने की वजह से मरीज परेशान रहे। वार्डों में चार नर्सिंग स्टॉफ और एक्सरे विभाग में तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने तुरंत पंखे बदलने के निर्देश दिए। बिजलीकर्मी को नोटिस भी दिया। वहीं, अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के भी निर्देश दिए।
प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह सुबह करीब 11 बजे वार्ड ब्लॉक में पहुंचे, जहां चार नर्सिंग स्टाफ गैरहाजिर मिला। इसके बाद, वह एक्सरे विभाग पहुंचे, जहां रोगियों की लंबी लाइन लगी थी। रोगियों ने देरी से एक्सरे होने की शिकायत की। वहां तीन कर्मी ड्यूटी पर नहीं मिले। वहींं, ओपीडी के बाहर बैठे रोगी गर्मी की वजह से परेशान थे। प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने बताया कि व्यवस्था में सुधार के लिए अब कड़े कदम उठाए जाएंगे। यदि गड़बड़ी मिली तो सीधे जिम्मेदार पर कार्रवाई होगी।