झांसी। पारीछा थर्मल पावर प्लांट को शनिवार को एक भी मालगाड़ी कोयला नहीं मिल सका। स्टॉक में रखे कोयले से चार में से तीन इकाइयों को चलाया गया। रविवार को मालगाड़ी न आने पर दोबारा उत्पादन पर असर पड़ सकता है। उधर, ललितपुर स्थित बजाज संयंत्र में 660 मेगावाट की तीन इकाइयों में दो से उत्पादन किया जा रहा है।
झांसी (पारीछा) के थर्मल पावर प्लांट और ललितपुर में स्थित बजाज पावर प्लांट में रोजाना 2900 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है। कोयले की कमी की वजह से पिछले 15 दिन से उत्पादन में गिरावट चल रही है। वर्तमान में पारीछा की चार इकाइयों में से तीन से 710 मेगावाट उत्पादन हो रहा है। कोयले की कमी से 210 मेगावाट की एक इकाई बंद चल रही है। चारों इकाइयों को एक साथ चलाने के लिए तीन से चार मालगाड़ी (रैक) कोयले की आवश्यकता पड़ती है। लेकिन इन दिनों एक या दो मालगाड़ी कोयला ही प्रतिदिन मिल पा रहा है।
शनिवार को एक भी मालगाड़ी कोयला नहीं मिल सका। स्टॉक में रखे 11 हजार टन कोयले से इकाइयों को चलाया गया। रविवार को मालगाड़ी न मिलने पर इकाई को बंद करने की स्थिति बन सकती है। इसी तरह ललितपुर प्लांट की 660- 660 मेगावाट की तीन इकाइयों में से दो से उत्पादन हो रहा है। एक इकाई मंगलवार को तकनीकी खराबी से बंद हो गई थी, जिसकी मरम्मत की जा रही है।
- शनिवार को एक भी मालगाड़ी कोयला नहीं मिल सका। स्टॉक में रखे कोयले से बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। रास्ते में दो मालगाड़ी हैं, जिनके रविवार तक प्लांट में आने की उम्मीद है।
एमके सचान, मुख्य महाप्रबंधक (पारीछा थर्मल पावर प्लांट)।