झांसी। देशभर में ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए रेलवे की ओर से चलाई जा रही ऑक्सीजन एक्सप्रेस झांसी में तैयार वैगनों से दौड़ रही है। झांसी मंडल ने एक्सप्रेस के लिए 106 वैगन से लैस चार फ्लैट वैगन के रैक देश के विभिन्न राज्यों से ऑक्सीजन के परिवहन के लिए भेजे हैं। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को सतर्क रहकर काम करने के लिए कहा।
महाप्रबंधक ने कहा कि महामारी में हरेक जरूरतमंद रेलकर्मी और उसके परिवार की मदद करनी है। भारतीय रेल द्वारा चलाई जा रही ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए ऑक्सीजन मुहैया कराने के लिए उत्तर मध्य रेलवे भी अहम भूमिका निभा रहा है। अब तक कुल 106 वैगनों से लैस 04 फ्लैट वैगन के रैक झांसी में तैयार करके देश के विभिन्न स्थानों पर भेजे गए हैं। इनमें 10 वैगन का एक रैक लखनऊ, 32 वैगन का एक रैक टाटानगर, 32 वैगन का रैक पानागढ़ और 32 वैगन का रैक भोपाल भेजा गया है। इनके जरिए खाली और भरे हुए आक्सीजन टैंकरों का त्वरित परिवहन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन को बिना किसी रुकावट के ग्रीन कॉरिडोर के तर्ज पर चलाया जा रहा है। इसलिए बेहद सतर्कता बरती जाए। मीटिंग के दौरान ट्रेन संचालन पर भी चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने जोर देते हुए कहा कि सुरक्षित और कुशल रेल परिचालन किया जाए। महाप्रबंधक ने पात्र कर्मियों के टीकाकरण को पूरा करने और अगले चरण में 45 वर्ष से कम आयु के पात्र कर्मियों और उनके परिवारजन के टीकाकरण पर भी चर्चा की। इस मौके पर अपर महाप्रबंधक रंजन यादव, डीआरएम संदीप माथुर और समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
झांसी में हुआ ऑक्सीजन एक्सप्रेस का ठहराव
झांसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से चार ऑक्सीजन टैंकर्स लेकर आई ऑक्सीजन एक्सप्रेस का झांसी स्टेशन पर ठहराव किया गया। परिचालनिक कारणों से ठहराव के दौरान ट्रेन की स्थिति को चेक कर 10 मिनट बाद नई दिल्ली कैंट स्टेशन के लिए रवाना किया गया। इस दौरान स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।