बीयू : परीक्षा नियंत्रक ने कहा - 20 मार्च तक प्राचार्य भरवाएं फॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विवि परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों में संचालित यूजी-पीजी पाठ्यक्रम की सम-सेमेस्टर परीक्षाओं के फॉर्म भरने की प्रक्रिया काफी धीमी गति से चल रही है। यही वजह है कि चार दिन में बमुश्किल 18 हजार फॉर्म भरे गए हैं जबकि 20 मार्च तक पौने दो लाख फॉर्म भरे जाने हैं। परीक्षा नियंत्रक का कहना है कि फॉर्म भरने की तिथि आगे नहीं बढ़ेगी क्योंकि जुलाई में दीक्षांत समारोह संभव है।
बीयू ने सम-सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरवाना 11 मार्च से शुरू कर दिया है और अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की है। परीक्षा नियंत्रक ने परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों के निदेशक, समन्वयक तथा संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्य व प्रबंधकों को पत्र जारी करते हुए कहा है कि परीक्षाएं हर हाल में 11 अप्रैल से शुरू होंगी। इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं होगा। अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम को लेकर आईं आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम कार्यक्रम तैयार कर दिया है, जो जल्द जारी कर दिया जाएगा।
वहीं, दूसरी तरफ परीक्षा फार्म भरने की रफ्तार काफी धीमी है। चार दिन में बमुश्किल 18 हजार ही छात्र-छात्राओं ने फॉर्म भरे हैं जबकि 20 मार्च तक पौन दो लाख फॉर्म भरे जाने हैं। इसे लेकर परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि आदेश जारी कर दिया है कि प्राचार्य 20 मार्च तक सभी विद्यार्थियों से फॉर्म भरवाएं।