झांसी। विदेशों से एनिमल ट्रॉफी (जानवरों के मुखौटे) लाने वाले लोगों को अनुमति को प्रदान करने के लिए वन विभाग द्वारा 15 मार्च तक का समय दिया गया था। इसके तहत एक ही व्यक्ति ने आठ आवेदन किए है।
घरों की दीवारों पर शेर, चीता, बारहसिंघा, हिरन, भालू के साथ ही अन्य विदेशी जानवरों की खाल व मुखौटे सजाना पूरी तरह से गैर कानूनी है। पकड़े जाने पर विभाग द्वारा कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन विदेशी एनिमल ट्रॉफी के शौकीनों के लिए वन विभाग द्वारा अनुमति प्रदान करने की योजना को शुरू किया गया था। इसके लिए विभाग द्वारा प्रचार-प्रसार कर लोगों से अनुमति लेने का आग्रह किया गया था। जिसके तहत विभाग के पोर्टल के साथ ही लिखित रूप से आवेदन करने की अपील की गई थी। इसके लिए वन विभाग द्वारा लगभग दो माह का समय भी दिया गया था। इस बीच सीपी मिशन कंपाउंड निवासी तौकीर जफर ने आठ आवेदन किए हैं।
इस संबंध में जिला वनाधिकारी वीके मिश्रा ने बताया कि विदेशी एनिमल ट्रॉफी की अनुमति के लिए विभाग द्वारा 15 मार्च तक का समय तय किया गया था। जिसके तहत सिर्फ एक ही व्यक्ति ने आठ एनिमल ट्रॉफी के लिए आवेदन किया है। जांच कर अनुमति को प्रदान किया जाएगा।