झांसी। बुंदेलखंड में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। झांसी के बाद अब हमीरपुर में एक केस निकल आया है। डेढ़ साल की बच्ची में कोरोना का केस सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। बच्चे को सांस लेने में हल्की परेशानी है।
ओमिक्रॉन के देश भर में बढ़ते मामलों के बीच झांसी में फिर से महामारी पांव पसारने लगी है। सोमवार को झांसी जेल में बंद कैदी कोरोना संक्रमित मिला था। इसके अलावा मोंठ के अमरौख गांव का रहने वाला युवक भी पॉजिटिव हो गया था। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में हमीरपुर के राठ के उमनिया गांव निवासी डेढ़ साल की बच्ची महामारी की चपेट में आ गई है। हमीरपुर से बच्ची को जालौन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जालौन से मंगलवार को उसे झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। बच्ची कुपोषण का शिकार है। इसके अलावा निमोनिया भी हो गया है। उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। बच्ची के पिता का कहना है कि कई दिनों से परिवार का कोई भी सदस्य गांव से बाहर नहीं गया। पता नहीं कैसे बच्ची कोरोना की चपेट में आ गई। बताया कि किसी भी परिजन में कोरोना के लक्षण नहीं हैं।
फरार संक्रमित पकड़ा गया, भर्ती
अमरौख गांव का युवक कोरोना संक्रमित होने के बाद राजघाट सीएचसी से फरार हो गया था। स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सूचना दी थी। संक्रमित की तलाश में पुलिस लगी हुई थी। मंगलवार को पूंछ से युवक को पकड़ लिया गया। उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में उसे भर्ती कर लिया गया है। उसे खांसी, जुकाम की शिकायत है। बताया गया कि युवक को कोरोना की एक भी वैक्सीन नहीं लगी है। अब उसकी आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही हैं। वहीं, जेल के कैदी की मंगलवार को आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आ गई।