झांसी। जिले में सोमवार को 110 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब झांसी में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 420 हो गई है। जबकि, अस्पताल में भर्ती रोगियों का आंकड़ा बढ़कर 22 हो गया है।
जिले में सात महीने बाद रविवार को 4560 जांचों के बाद दहाई के आंकड़ों में 117 मामले सामने आए थे। मंगलवार को महज 3004 नमूनों की जांच की गई। आरटीपीसीआर मशीन से 1143, एंटीजन किट से 1854 और ट्रू नेट से 7 सैंपल जांचे गए। इस दौरान 110 कोरोना संक्रमित मिले। इसमें एक, तीन, सात साल के बच्चे से लेकर 16 साल के किशोर तक नौ रोगी मिले हैं। जबकि, 96 साल तक के बुजुर्ग भी कोरोना की चपेट में आए हैं। इसके अलावा बीआईईटी में तीन छात्र, विकास भवन में दो और भाजपा नेत्री भी कोविड पॉजिटिव हो गई हैं। मिलिट्री अस्पताल में 15, बंगलाघाट में पांच, गणेश मड़िया, बड़ा बाजार, खातीबाबा, सदर बाजार, आवास विकास, सीपरी बाजार में भी संक्रमित मिले हैं। अब झांसी में सक्रिय केस 420 हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज में तीन, मिलिट्री अस्पताल में 19 मरीज भर्ती हैं। जबकि, 374 रोगियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। रिकवरी रेट घटकर 97.07 प्रतिशत पहुंच गया है। दो मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया।