झांसी। ट्रांसफार्मर खराब होने से बड़ागांव ब्लाक के छपरा गांव के लोग एक सप्ताह से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। शिकायत के बाद भी विभाग ट्रांसफार्मर बदलने की जहमत नहीं उठा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। इस गांव की आबादी करीब डेढ़ हजार है।
छपरा गांव में 100 केवीए का एक और 25 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। ग्रामीणों के अनुसार 100 केवीए का ट्रांसफार्मर तकनीकी कारणों से आए दिन खराब रहता है। वहीं 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर जल गया है जबकि एक 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भी आठ दिनों से खराब पड़ा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बड़ागाव उपकेंद्र के अधिकारियों से की लेकिन बिजली विभाग समस्या के निदान के लिए रुचि नहीं दिखा रहा है। इससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को विवश हैं। सर्वाधिक समस्या यादव बस्ती के 35 परिवारों के 150 लोगों को है। इस बस्ती में करीब एक पखवारे से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को सर्वाधिक परेशानी मच्छरों के काटने से हो रही है जिससे लोग रात को ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं।
गांव के ट्रांसफार्मर या तो जले हुए हैं या फिर खराब हैं। इससे आए दिन आपूर्ति बाधित रहती है। इससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को विवश हैं।
- अजय प्रताप सिंह यादव, पूर्व प्रधान
आठ दिन से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब है। इसे बदलवाने के लिए शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीें बदला गया।
- रवि, गामीण
छपरा गांव में ट्रांसफार्मर जलने अथवा खराब होने की जानकारी नहीं है। गांव में बड़ागांव उपकेंद्र से कर्मचारियों को भेजकर जो भी दिक्कतें हो रही हैं उसे ठीक करा दिया जाएगा। जला ट्रांसफार्मर भी शीघ्र ही बदल दिया जाएगा।
शैलेंद्र कटियार
अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग