झांसी। पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ रही खाद्य तेलों की कीमतों में अब कुछ गिरावट आई है। छह से लेकर 12 रुपये किलो तक खाद्य तेल सस्ता हो गया है। इसके अलावा दालों के दामों में भी दो से छह रुपये किलो तक कमी हुई है।
खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों के चलते लोग महंगाई से परेशान हैं। मगर दो सप्ताह में खाद्य तेल से लेकर दालों की कीमतों में थोड़ी कमी आ गई है। व्यापारी राकेश गुप्ता ने बताया कि सरसों का तेल जहां सात रुपये किलो सस्ता हुआ है। वहीं, वनस्पति छह रुपये तो रिफाइंड की कीमत में 12 रुपये किलो तक की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में छह महीने पहले खाद्य तेल पर स्टॉक लिमिट तय कर दी गई थी। वहीं, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों ने भी अब स्टॉक लिमिट निर्धारित कर दी है। इस वजह से खाद्य तेल की कीमतों में गिरावट आई है। व्यापारी संतोष राय ने कहा कि बाजार में मांग कम और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक होने की वजह से दालों के दामों में भी गिरावट आई है। दालें दो से लेकर छह रुपये किलो तक सस्ती हो गई हैं।
खाद्य तेल 15 दिन पहले अब
सरसों 165 158
रिफाइंड 165 153
वनस्पति 170 164
(नोट: दाम प्रति किलो में)
दाल 15 दिन पहले अब
अरहर 97 91
मूंग 93 87
चना 61 57
मसूर 80 78
(नोट: दाम प्रति किलो में)