संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। झांसी स्टेशन यार्ड में 580 मीटर लंबी अतिरिक्त पिट लाइन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए रेलवे ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब सात करोड़ की लागत से अतिरिक्त पिट लाइन निर्माण के बाद 26 कोच की गाड़ियों की मरम्मत एक साथ हो सकेगी। रेलवे अफसरों की माने तो अभी रेलवे यार्ड में 540 मीटर लंबी पिट लाइन है। यहां 20 से 22 कोच की गाड़ियों की मरम्मत की जा रही है। अभी लंबी गाड़ी आने पर कोच को अलग करने का झंझट होता है लेकिन नई पिट लाइन निर्माण के बाद यह झंझट भी खत्म होगा।
प्रतिदिन तीन गाड़ियों की होती है मरम्मत
झांसी स्टेशन यार्ड में पिट लाइन पर प्रतिदिन तीन से चार गाड़ियों की मरम्मत होती है। अतिरिक्त 580 मीटर लंबी पिट लाइन निर्माण के बाद एक साथ छह से आठ गाड़ियों की मरम्मत (धुलाई भी) हो सकेगी। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि झांसी स्टेशन यार्ड में अतिरिक्त पिट लाइन निर्माण की अनुमति मिल गई है। परियोजना के लिए टेंडर मांगे गए हैं। टेंडर खुलने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। पिट लाइन निर्माण से ट्रेनों का मेंटेनेंस कराना पहले से अधिक आसान होगा।