पेयजल महायोजना शुरू होने में अभी देर है। गर्मियों में पानी के लिए हाहाकार न मचे, इसलिए समस्या से निपटने के प्रयास शुरू हो गए हैं। 12 साल से बंद चल रहा दतिया गेट फिल्टर प्लांट शुरू किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने 90 लाख रुपये दे दिए हैं। चुनाव के बाद नई पाइप लाइन डालकर इसे शुरू किया जाएगा। जून तक इस प्लांट के शुरू होने की संभावना है। प्लांट के शुरू होने पर 50 हजार लोगों को पेयजल सुविधा मिलने लगेगी।
दतिया गेट फिल्टर प्लांट पर पहूज बांध से आने वाले कच्चे पानी का जल शोधन करने के लिए दो प्लांट बने हुए हैं। इनमें से एक 6.5 एमएलडी (65 लाख लीटर पानी) क्षमता का प्लांट चालू है, जबकि 5.4 एमएलडी (54 लाख लीटर पानी) का प्लांट 12 साल से बंद चल रहा है। इस प्लांट तक पानी लाने के लिए पहूज बांध से फिल्टर तक नौ किलोमीटर लंबी 12 इंच की पाइप लाइन डली हुई है। पिछले साल नगर निगम के सहयोग से जलसंस्थान ने बंद पड़ी इस पाइप लाइन को चालू करने का प्रयास किया था, लेकिन जगह- जगह लीकेज निकलने से सफलता नहीं मिल सकी थी। इस बार पूरी क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को बदला जाएगा। पहूज बांध से अयोध्यापुरी चौराहे तक 5.5 किलोमीटर पाइप लाइन बदलने के लिए नगर निगम ने 90 लाख रुपये दे दिए हैं। इसके लिए टेंडर निकाल दिया गया है। इस प्लांट के चालू हो जाने पर संबंधित क्षेत्रों को और अधिक पानी मिल सकेगा। अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या भी दूर हो जाएगी।
ये क्षेत्र हैं जुड़े
दतिया गेट वाटर फिल्टर प्लांट से पंचवटी और नरसिंहराव टौरिया पानी की टंकी को भरा जाता है। प्लांट से अंदर व बाहर दतिया गेट, थापक बाग, मेवातीपुरा, अंदर व बाहर उन्नाव गेट, पंचवटी, मुकरयाना, सराय और आसपास के मुहल्लों को जलापूर्ति मिलती है।
‘दतिया गेट फिल्टर के दूसरे प्लांट को चालू करने के लिए नगर निगम ने 90 लाख रुपये का बजट दिया है। इसमें 5.5 किलोमीटर की नई पाइप लाइन डालने का काम होगा। टेंडर हो गया है। आचार संहिता खत्म होते ही काम चालू हो जाएगा। जून तक इस प्लांट के शुरू होने की संभावना है ’
अनिल कुमार, सहायक अभियंता, जलसंस्थान