झांसी। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत करारी और रुंदकरारी में विकसित हो रहे नए झांसी बसाने के काम को गति मिलेगी। झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) को करारी में 10.21 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराने का आदेश जारी हो गया है। इसके अलावा रुंदकरारी में करीब नौ हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की तैयारी है। इसके लिए संबंधित भू-स्वामियों से 15 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं।
करीब 1100 एकड़ में नया शहर विकसित किया जा रहा है। इसमें से लगभग 900 एकड़ जमीन खरीदी जा चुकी है। पहले चरण में करीब 111 एकड़ में भूखंडों का आवंटन पिछले साल किया जा चुका है। अब दूसरे चरण की तैयारी है। इसके तहत करारी गांव की 10.213 हेक्टेयर जमीन जेडीए को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें कुल 19 गाटा शामिल हैं। पहले हिस्से में पांच गाटा की 3.322 हेक्टेयर और दूसरे हिस्से में 14 गाटा की 6.891 हेक्टेयर जमीन है।
दरअसल, जेडीए की ओर से शहरी विस्तारीकरण योजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद शासनादेशों और राजस्व परिषद के निर्देशों के तहत जमीन की स्थिति का परीक्षण किया गया। प्रक्रिया पूरी होने पर मंडलायुक्त ने ग्राम पंचायतों और स्थानीय प्राधिकरणों के प्रबंधन वाली जमीन को अपने अधिकार में लेकर जेडीए की योजना के लिए उपलब्ध कराने का आदेश जारी कर दिया। अब इस जमीन को जेडीए के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
दूसरी ओर, करीब नौ हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। जेडीए उपाध्यक्ष हिमांशु गौतम ने बताया कि इसके लिए जिला प्रशासन के खाते में 40 करोड़ रुपये जमा करा दिए गए हैं। जिन भू-स्वामियों की जमीन अधिग्रहीत की जानी है, उनसे 15 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं। निर्धारित समयसीमा के बाद आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।