- देश के किसी भी एम्स में प्रवेश पाकर बनना चाहती हैं ऑर्थोपेडिक सर्जन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नीट में झांसी की अनन्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1204वीं रैंक हासिल की है। वह देश के किसी भी एम्स में प्रवेश पाकर ऑर्थोपेडिक सर्जन बनना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा तक पूरा फोकस पढ़ाई पर रहता था। कक्षा नौ की परीक्षा पास करने के बाद सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिया था।
अनन्या शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं। डीपीएस से कक्षा 10वीं की परीक्षा उन्होंने 93 फीसदी और इस साल 12वीं की परीक्षा 94.4 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की है। उनकी मां भावना नैन डीपीएस की प्रधानाचार्य हैं। मां ने भी नीट की तैयारी में उनकी काफी मदद की। शनिवार को रिजल्ट जारी हुआ तो अनन्या ने 590 अंक प्राप्त किए।
उन्होंने बताया कि स्कूल और कोचिंग के अलावा वह घर पर भी चार से पांच घंटे रोजाना पढ़ाई करती थीं। खुद के नोट्स बनाए थे। जैसे-जैसे परीक्षा की घड़ी नजदीक आती गई, उन्होंने रिवीजन का समय बढ़ा दिया। उनके मामा और मौसी भी चिकित्सक हैं। उन्हीं से ही अनन्या को डॉक्टर बनने की प्रेरणा मिली। अनन्या ने बताया कि चिकित्सक को समाज में काफी सम्मान मिलता है। इसलिए वह इस पेशे में जाना चाहती हैं।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं
अनन्या ने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लगातार मेहनत करके ही सफलता पाई जा सकती है। कहा कि वह नियमित मॉक टेस्ट में भी शामिल होती थीं। मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ पढ़ाई के लिए ही करती थीं।