मनमानी वसूली करने वाले नर्सिंग होम से 60 हजार की रिकवरी
झांसी। कोरोना के मरीजों से मनमाना पैसा वसूलने वाले नर्सिंगहोमों के खिलाफ रिकवरी शुरू हो गई है। शुक्रवार को शिवाजी नगर स्थित एक नर्सिंगहोम से 60 हजार रुपये वापस कराए गए। वहीं एक और अस्पताल के खिलाफ इलाज में लापरवाही की शिकायत आई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कोरोना काल के दौरान अस्पतालों ने आपदा को अवसर में बदल दिया। कई नर्सिंगहोमों ने धड़ल्ले से मनमाना शुल्क वसूला। अमर उजाला ने लगातार इन मामलों को उठाया। इसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी के दौरे पर आए। भाजपा विधायक रवि शर्मा, विधायक जवाहर लाल राजपूत और बिहारी लाल आर्या ने नर्सिंग होमों द्वारा की जा रही मनमानी वसूली की शिकायत की। सीएम ने सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद हाथ पर हाथ धरे बैठे जिले के अफसर हरकत में आ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास नर्सिंगहोमों की अवैध वसूली की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई शुरू हो गई है। जांच अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि शिवाजी नगर स्थित एक नर्सिंगहोम से 60 हजार रुपये मरीज को वापस कराए गए हैं, जबकि एक और अस्पताल के खिलाफ कोरोना के इलाज में लापरवाही की भी शिकायत आई है। जांच शुरू कर दी गई है।
कंट्रोल रूम या स्वास्थ्य विभाग में दर्ज करा सकते शिकायत
यदि आपसे भी शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से ज्यादा पैसा कोरोना के इलाज के दौरान नर्सिंगहोमों ने वसूल किया है तो फिर कंट्रोल रूम पर फोन करके या फिर सीएमओ कार्यालय में जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत के दौरान अस्पतालों के बिलों समेत जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी देनी होगी। जांच टीम दस्तावेजों का परीक्षण और संबंधित नर्सिंगहोम से रिपोर्ट तलब कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
निजी अस्पतालों में इलाज की ये हैं दरें
......................................................
एनएबीएच से संबद्ध अस्पतालों के लिए रेट
जनपद ऑक्सीजन पर आईसीयू वेंटिलेटर
झांसी 8000 12000 14400
ललितपुर 6000 9000 10800
जालौन 6000 9000 10800
एनएबीएच से गैर संबद्ध अस्पतालों के लिए रेट
जनपद ऑक्सीजन पर आईसीयू वेंटिलेटर
झांसी 6400 10400 12000
ललितपुर 4800 7800 9000
जालौन 4800 7800 9000
(यह रेट प्रतिदन के हैं)।