फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: नोट घाट पुल पर लावारिस मिली मुकेश की कार, नदी में तलाशती रही पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी की पहली ऑटो चालक अनीता चौधरी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मुकेश की कार सोमवार रात नोट घाट पुल से बरामद हो गई। कार के अंदर तमंचा एवं एक स्विच ऑफ करके रखा मोबाइल भी बरामद हुआ। कार की लाइट जल रही थी। पुलिस को अंदेशा है कि नोट घाट पहुंचने के बाद आरोपी ने नीचे बेतवा नदी में छलांग लगा दी। उसकी तलाश में पुलिस ने घंटों तलाशी अभियान चलाया लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली। पुलिस उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ में जुटी है। परिजन उसके बारे में कुछ नहीं बता सके।
सोमवार को अनीता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास रक्तरंजित हाल में उसका शव बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमनगर निवासी मुकेश झा समेत पुत्र शिवम और मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उसके बाद से पुलिस मुकेश को तलाश रही है। घटना के तुरंत बाद मुकेश ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। इससे पुलिस को उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही थी। आसपास सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर घटना स्थल से मुकेश की कार गुजरती हुई नजर आई थी।
विज्ञापन

सीसीटीवी कैमरों के सहारे तलाशते हुए पुलिस नोट घाट तक पहुंची। यहां उसकी कार बरामद हो गई। नदी में कूद जाने की आशंका के चलते नवाबाद एवं रक्सा पुलिस ने बेतवा नदी में गोताखोरों की मदद से तलाश कराई। देर-रात तक उसका पता नहीं चल सका। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि मुकेश को तलाशने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

इनसेट

अनीता की बेरुखी ने मुकेश को कर दिया था बेचैन
पुलिस हत्या के तमाम पहलुओं को खंगाल रही है। अभी तक की छानबीन में दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। पुलिस को मालूम चला कि ऑटो चलाने के दौरान उसकी मुकेश से दोस्ती हो गई थी। इसके बाद दोनों करीब आ गए। मुकेश ओरछा में गेस्ट हाउस चलाता है। उससे होने वाली कमाई अनीता पर खर्च करता था। जेवरात से लेकर रुपये पैसे भी देता था। कुछ साल तक उनके बीच संबंध अच्छे रहे लेकिन कुछ समय से अनीता ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। यह बात मुकेश को नागवार गुजरी। उनके बीच विवाद होने लगा। इससे मुकेश अनीता से नाराज रहने लगा। दोनों का विवाद कई बार थाने भी पहुंचा। मुकेश साथ में न रहने पर अनीता को धमकाता भी था। थाने में भी मुकेश सिर्फ अनीता के साथ रहने की जिद करता था। कुछ दिनों पहले मुकेश को पुलिस ने तमंचे के साथ घूमते पकड़ा था। पुलिस ने उसका चालान कर दिया। छूटने के बाद वह अनीता से मिलने पहुंचा था लेकिन अनीता ने उससे बात करने से मना कर दिया था।
विज्ञापन


इनसेट
झांसी में सामने आ चुकी इस तरह की कई वारदात
झांसी में सिरफिरे आशिकों के घटना अंजाम देने की कई वारदात सामने आ चुकी। दो महीने पहले ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सिरफिरे युवक ने छात्रा को गोली मारने के बाद अपनी जान ले ली थी। इसके पहले सीपरी बाजार इलाके में प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी उसके मंडप तक जा पहुंचा। शादी से चंद घंटे पहले प्रेमिका की हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। बुंदेलखंड महाविद्यालय में भी एक छात्र ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें