झांसी। महानगर के 22 केंद्रों पर दो पालियों में जूनियर हाईस्कूल के लिए सहायक अध्यापक और प्रधानाध्यापक की लिखित परीक्षा 17 अक्तूबर को आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं।
सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों द्वारा परीक्षा से पूर्व केंद्रों का सत्यापन कर विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। परीक्षा केंद्र से 500 मीटर की दूरी के अंदर फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगे। जिले में परीक्षा को लेकर धारा 144 लागू रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल सिंह यादव ने बताया कि परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 10 से 12.30 बजे तक तथा दिन में दो से तीन बजे तक आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली में सभी 22 केंद्रों पर सहायक अध्यापक और प्रधानाध्यपक और द्वितीय पाली में दो केंद्रों पर केवल प्रधानाध्यापकों की परीक्षा होगी। कुल 10,483 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।