झांसी। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में बार- बार फाल्ट आने और ओवर लोडिंग से बिजली के आने- जाने को देखते हुए अधिक चोरी वाले गांवों में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की सूचना उप जिलाधिकारी को दी जाए ताकि पुलिस बल की मदद मिल सके। चेकिंग के दौरान मोंठ क्षेत्र जैसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। यह निर्देश उन्होंने बुधवार को विकास भवन में बिजली अधिकारी व जेई की बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान जिला प्रशासन को सहयोग लें। जनता चेकिंग टीम को पहचानती नहीं है, इसी वजह से अभद्रता करती है। लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम योजना में कनेक्शन लेने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। मऊरानीपुर, समथर, गरौठा, गुरसराय, बबीना तथा टहरौली में बिजली की ज्यादा शिकायतें आतीं हैं। इन शिकायतों का निस्तारण जल्द होना चाहिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी शैलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता (महानगर) एसआर गर्ग, अधिशासी अभियंता ग्रामीण शैलेश कुमार कटियार, अधिशासी अभियंता डी यादवेेंदु, अनुभव कुमार, मनोज कुमार राय व एसके माथुर मौजूद रहे।