झांसी। मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। पार्टी ने झांसी - जालौन - ललितपुर क्षेत्र से राजकीय पालीटेक्निक के विभागाध्यक्ष व चीफ प्रोक्टर आर पी निरंजन की पत्नी रमा निरंजन को उम्मीदवार बनाया है।
विधान परिषद चुनाव के जरिये समाजवादी पार्टी ने साल 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की गणित बनानी शुरू कर दी है। पार्टी ने रमा निरंजन को प्रत्याशी बनाकर कुर्मी वोटों पर निशाना साधा है। जालौन व ललितपुर जिले में कुर्मियों की अच्छी खासी संख्या है।
इसके अलावा झांसी में कुर्मी समाज अच्छी स्थिति में है। विधान परिषद चुनाव में कुर्मी समाज का प्रत्याशी उतारने से पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में इस समाज के वोट मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा रमा निरंजन के पति आर पी निरंजन का भी समाज में मजबूत आधार है।
वह जालौन जिले के ब्लाक नदीगांव के ग्राम रवा के रहने वाले हैं। इसके अलावा वह झांसी में भी लंबे समय से सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय हैं। मालूम हो कि रमा बीएड तक शिक्षित हैं। वह पूर्व में डेयरी उद्योग का संचालन भी कर चुकी हैं।
वहीं, रमा निरंजन को प्रत्याशी बनाए जाने पर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष जगमोहन सेमरी के नेतृत्व में इलाइट चौराहे पर मिठाइयां बांट कर हर्ष जताया। पालीटेक्निक कॉलेज में भी हर्ष जताया गया।
बंगरा से द्रोपदी होंगी प्रत्याशी
झांसी। समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को बंगरा ब्लाक प्रमुख के प्रत्याशी की घोषणा कर दी। यहां से गुढ़ा के पूर्व प्रधान विश्वनाथ यादव की पत्नी द्रोपदी यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। इनके पुत्र वर्तमान में प्रधान हैं। मालूम हो कि सपा द्वारा जिले के आठ में से छह ब्लाकों में प्रत्याशी की घोषणा पहले ही कर दी गई थी। बंगरा व बामौर में मामला फंसा हुआ था। द्रोपदी यादव के पक्ष में मऊरानीपुर विधायक डा. रश्मि आर्या द्वारा लामबंदी की गई थी।