झांसी। आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को सदर विधायक पं. रवि शर्मा ने वार्ड क्रमांक 14 खुशीपुरा द्वितीय में लोगाें की समस्याएं सुनी।
सभासद राजबिहारी राय व शालिगराम ने प्रार्थना देकर बताया कि खुशीपुरा कैंटोमेंट चुंगी रोड पर दोनों ओर से काफी अधिक गति में वाहनों का आवागमन होेता है, जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती हैं। उन्होंने सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। इसी क्रम में प्रियंका सोनी, भानू नगरिया ने बहादुर राय के मकान के पास स्थित खुले कुएं पर जाल डलवाने की मांग की। वहीं अमित सेन, रामसेवक साहू ने बताया कि कंबल मिल तालपुरा, बंशीनगर में बना नाला कचरा से भरा पड़ा है। बरसात में नाला चौक होने के कारण पानी घरों के अंदर भर जाने की शिकायत की।
ट्यूबवेल क्षेत्र के स्थानीय लोगाें ने मथुरा प्रसाद के मकान से बाबूलाल चंदेयिा के मकान तक पानी की पाइप लाइन डलवाने एवं चतुरपुरी ने मोहल्लेे में सोडियम लाइट लगवाने की मांग की। विधायक ने समस्याओं का अविलंब निदान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुधीर सिंह, संजीव अग्रवाल, कुसुम कुशवाहा, कामिनी सेन, रोहित गोठनकर, उमाशंकर भासने, नंद किशोर आदि उपस्थित रहे।