झांसी। आईटीआई में दो बार काउंसलिंग के जरिए छात्रों के प्रवेश लिए गए, बावजूद इसके तमाम छात्र चयन के बाद भी प्रवेश से वंचित रह गए। ऐसे विद्यार्थियों को अब नए विकल्प के साथ पंजीकरण कराकर प्रवेश का मौका दिया जाएगा।
आईटीआई में सितंबर माह में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दो चरणों में छात्रों की काउंसलिंग की गई थी। अधिकांश छात्रों ने प्रवेश ले लिए थे लेकिन कई ऐसे छात्र भी थे जो मनमाफिक जगह नहीं मिलने पर प्रवेश नहीं ले सके थे। कुछ छात्र ऐसे भी थे जिन्हें सीटें भी आवंटित नहीं हुई थीं। इसकी वजह से सीटें खाली रह गई थीं। अब शासन के निर्देश पर उन्हें खाली रह गईं सीटों के सापेक्ष छूटे पंजीकृत छात्रों को पुन: प्रवेश के लिए विकल्प दिया गया है। इस संबंध में नोडल प्राचार्य राजकीय आईटीआई राजकुमार यादव ने बताया कि इसके तहत छात्र अब परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर अपने फार्म में नया विकल्प भर सकते हैं। इस नए विकल्प के आधार पर उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। ब्यूरो