झांसी। क्राफ्ट मैदान में आयोजित मेले में शुक्रवार रात अचानक चलते-चलते एक झूला फंस गया। करीब आधे घंटे बाद झूले को किसी तरह नीचे लाने के बाद सभी को सुरक्षित उतारकर बाहर निकाला। इस दौरान झूले में सवार लोगों की सांसें अटकीं रहीं। आनन-फानन झूले को बंद कर दिया गया। झूले के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही।
क्राफ्ट मैदान में मनोरंजन मेला चल रहा है। यहां विभिन्न प्रकार के झूले लगे हुए हैं। शुक्रवार रात अचानक एक झूले में गड़बड़ी आ गई। झूले में करीब आठ से दस लोग सवार थे। झूला ऊपर से नीचे आते समय अचानक गड़बड़ी आ जाने के कारण बीच में ही फंस गया। यह देखकर झूले में सवार लोगों की चीखें निकल गईं। आवाजें सुनकर मेले में दहशत फैल गई। आसपास जमा हुए लोग वीडियो बनाने लगे। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों को झूले के पास से हटाया गया। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद झूले को नीचे किया। करीब आधा घंटा बाद लोग सुरक्षित उतारे गए। इस दौरान झूलेे में सवार लोगों की सांसे थमीं रहीं। बाहर निकलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
शनिवार रात चलते समय झूले में आई गड़बड़ी को दूर कर पुन: झूले को चला दिया गया था। इतनी बड़ी कोई समस्या पैदा नहीं हुई थी।
शिवशंकर, मेला संचालक
सूचना मिलने के बाद मेला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। गड़बड़ी आने के बाद झूला रुक गया था। पुलिस ने पहुंचकर सभी को सुरक्षित नीचे उतरवाया।
विवेक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी