झांसी। नई बस्ती के पूर्व माध्यमिक कंपोजिट विद्यालय में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बुंदेलखंड राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के डॉक्टरों ने छात्र-छात्राओं और क्षेत्र के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सभी को नि:शुल्क दवाएं भी बांटी गईं।
आयुर्वेदिक कॉलेज के चिकित्सक डॉ. मदन मोहन झा, डॉ. साधना शाक्य, डॉ. शुभम साहू, डॉ. श्वेता साहू ने स्कूल में छात्र-छात्राओं का चिकित्सीय परीक्षण किया। कुछ बच्चे कुपोषित मिले। कुछ को खांसी, जुकाम की समस्या थी। इसके अलावा चर्म रोग से पीड़ित विद्यार्थी भी मिले। डॉक्टरों ने सभी की जांच करने के बाद नि:शुल्क आयुर्वेदिक दवाएं दीं। शिविर में नई बस्ती के कई लोगों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान लोगों का ब्लड प्रेशर और शुगर की भी जांच हुई तो कइयों में हाई बीपी, डायबिटीज की बीमारी सामने आई। गठिया, पथरी के भी कई मरीजों ने शिविर में आकर स्वास्थ्य की जांच कराई। उन्हें दवाएं दी गईं। इस दौरान मनोनीत पार्षद प्रमिला झा भी मौजूद रहीं।