झांसी। शहर में 10 साल पुराने कई व्यावसायिक भवन विद्युत सुरक्षा टीम की पड़ताल में मानक में फेल पाए गए हैं। इन्हें नोटिस भेजा गया है। इन भवनों में अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (ईएलसीबी) नहीं लगाए गए हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।
शहरी क्षेत्र में करीब आठ हजार ऐसे बिजली उपभोक्ता हैं, जिन्होंने पांच किलोवाट या उससे अधिक लोड का कनेक्शन ले रखा है। करीब 10 साल पहले सुरक्षा की दृष्टि से पांच किलोवाट या इससे ऊपर के भवन जैसे कोचिंग संस्थान, निजी व सरकारी अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे व मॉल समेत अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (ईएलसीबी) लगाने का प्रावधान है, ताकि आग लगने या शार्ट सर्किट होने पर करंट फैलने से रोका जा सके।
अब काटे जाएंगे कनेक्शन
जांच में सामने आया है करीब 20 पुराने भवनों में अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर नहीं हैं। उन्हें एक बार चेतावनी देकर छोड़ा गया है। अगर दोबारा जांच करने पर भी यह स्थिति रही तो उनके कनेक्शन काटने के लिए रिपोर्ट विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को भेजी जाएगी।
चंद्र भूषण चौबे, सहायक निदेशक, विद्युत सुरक्षा