झांसी। बुंदेलखंड में बिजली को लेकर मचे हाहाकार के बीच झांसी पहुंचे ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के समक्ष सभी विधायकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। विधायकों का कहना था कि इस समय वह लोग किसी कार्यक्रम में जाएं या फिर शादी समारोह में। लोग एक ही सवाल पूछते हैं कि आखिर बिजली कब आएगी। व्यवस्था में कब सुधार होगा। जनप्रतिनिधियों ने यहां तक कहा कि दिन भर में उनके पास जो फोन आते हैं उनमें से अस्सी फीसदी बिजली को लेकर होते हैं। ऊर्जा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सुधार होगा। विभाग पूरी ताकत के साथ लगा हुआ है।
शनिवार को ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा शहर में थे। बिजली अफसरों के साथ तो मीटिंग की ही विधायकों ने भी सर्किट हाउस में पहुंचकर उनसे मुलाकात की। भाजपा के नेता भी पहुंचे थे। सभी ने यहां बिजली को लेकर ही सवाल किए। नेताओं का कहना था कि हालात बेहद खराब हैं। सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। विरोधियों को मुद्दा मिल रहा है। सुधार कराइए।
बिजली मिल नहीं रही, बिल भारी भरकम आ रहे हैं, राजीव सिंह
झांसी। बबीना के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि बिजली का भीषण संकट है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का विरोध झेलना पड़ता है। इस समय सबसे ज्यादा सवाल लोग बिजली को लेकर ही उठा रहे हैं। वहीं बिजली के बिलों में भारी घालमेल हो रहा है। जिस के घर में एक बल्ब और पंखा लगा है वहां भी हजारों के बिल आ रहे हैं। बिल सही कराने को कहते हैं तो बिजली अधिकारी सुनते नहीं हैं। लोगों पर प्रेशर बनाने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। चेकिंग के नाम पर लोगों से दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
इस समय गांव के लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं, जवाहर राजपूत
झांसी। शहर में तो ठीक है लेकिन ग्रामीण इलाकों में हालात इस समय बेहद खराब हैं। पब्लिक को समझाते समझाते थक गए हैं। जहां भी जाएं लोग बिजली पर ही चर्चा शुरू कर देते हैं। स्थिति यह है कि उनके पास भी कोई जवाब नहीं होता है। बिजली अफसर लोगों के फोन नहीं उठाते। अगर कहीं फाल्ट हो गया तो उसे सही करने में लंबा समय लग जाता है। किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। विधायक ने झांसी जनपद में बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने की मांग की है।
शहर में बिजली कटौती से पानी की भी हो रही किल्लत, मुकेश मिश्रा
झांसी। भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने भी मुद्दा उठाया। कहा कि झांसी में पानी का संकट रहता है। बिजली न होने के कारण पानी भी नहीं मिलता। क्योंकि नलकूप नहीं चल पाते और टंकियां भरी नहीं जातीं। पिछले कुछ दिनों में शहर में भी बिजली की अंधाधुंध कटौती हो रही है। कार्यकर्ता भी बार बार बिजली के बारे में ही सवाल करते हैं। भाजपा नेताओं ने फाल्ट को सही करने में की जाने वाली देरी का मामला भी उठाया।