झांसी। ओमिक्रॉन के खौफ के बीच टीकाकरण को लेकर मंडल के तीनों जिलों से चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। वैक्सीन की पहली डोज लगाने के मामले में मंडल में ललितपुर सबसे फिसड्डी है। प्रदेश में इसका 66वां स्थान है। जबकि, जालौन 44वें और झांसी 35वें पायदान पर है।
मंडल में टीकाकरण का ग्राफ सुधरने के बजाए लगातार गिरता जा रहा है। जबकि, कोरोना के नए रूप ओमिक्रॉन के मामले देश के कई राज्यों में सामने आने लगे हैं। इसके बावजूद टीकाकरण की रफ्तार सुस्त है। सबसे खराब हालात मंडल के ललितपुर के हैं। यहां पर नौ लाख लोगों की तुलना में सात लाख से कम लोगों को टीका लग पाया है। जो कि 75 फीसदी के आसपास है। जबकि, जालौन में लगभग 12 लाख की तुलना में 9.75 लाख को पहली डोज लग चुकी है, जो कि 77 फीसदी है। वहीं, झांसी में 14.80 लाख लक्ष्य के मुकाबले 12 लाख को पहली डोज लग चुकी है। ये लक्ष्य का 80 फीसदी है। प्रदेश के 75 जिलों में टीकाकरण की पहली डोज डोल लगाने में ललितपुर का 66वां, जालौन का 44वां और झांसी का 35वां स्थान है।
टीकाकरण को लेकर लगातार लोगों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। इस कारण दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उम्मीद है कि आगामी दिनों में टीकाकरण का ग्राफ और बढ़ेगा। - डॉ. रविशंकर, जिला टीकाकरण अधिकारी।