झांसी। सोमवार की सुबह पत्नी को जिम छोड़ने के बाद घर आकर तहसील में कार्यरत संविदा कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के जिम से लौटने के बाद घटना की जानकारी हुई। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना नवाबाद क्षेत्र स्थित शिवाजी नगर निवासी बाबूलाल (45) तहसील में संविदाकर्मी था। सोमवार सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद 8 बजे वह पत्नी को जिम छोड़ने गया। यहां से वापस वह घर पहुंचा। घर में अंदर वाले कमरे में जाकर उसने रस्सी के सहारे पंखे से लटककर फांसी लगा ली। सुबह करीब 10 बजे जिम से पत्नी घर लौटी। पति को फांसी पर लटका देख घबरा गई। आवाज सुनकर पड़ोसी भी आ गए। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बाबूलाल को फंदे से उतारा। घटना के कारणों की जांच की। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी। बाबूलाल की दो बेटियां व एक पुत्र हैं।