झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में नई डिजिटल एक्सरे मशीन से जांच शुरू हो गई। इससे मरीजों को काफी राहत मिली है। अब तक लगी डिजिटल एक्सरे मशीन पुरानी हो जाने की वजह से बार-बार खराब हो रही थी। इस कारण मरीजों को ज्यादातर निजी सेंटरों पर जाकर जांच करानी पड़ रही थी।
मेडिकल कॉलेज में झांसी समेत पूरे बुंदेलखंड का मरीज आता है। रेडियोलॉजी विभाग में प्रतिदिन 50 मरीज डिजिटल एक्सरे कराने के लिए आते हैं। पिछले डेढ़ महीने से पुरानी मशीन खराब पड़ी होने के कारण मरीजों को निजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा था। रोजाना 15,000 रुपये की जांच बाहर से हो रही थी। पिछले डेढ़ महीने में डिजिटल एक्सरे कराने पर मरीजों के पौने सात लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। मरीजों की इस समस्या को अमर उजाला प्रमुखता से उठा रहा था। इसके बाद अब नई डिजिटल एक्सरे मशीन की स्थापना करा दी गई है। सोमवार से मरीजों की जांच भी शुरू हो गई। मेडिकल कॉलेज में 115 और निजी केंद्रों पर 300 रुपये में डिजिटल एक्सरे होता है। जबकि, बीपीएल कार्डधारकों और आयुष्मान रोगियों की नि:शुल्क जांच होती है।