झांसी। खाली मालगाड़ी के एक वैगन के खुले दरवाजे ने मंगलवार की रात सीपरी बाजार के कच्चे पुल के पास होम सिगनल के उपकरणों को तोड़ दिया। घटना का पता आधे घंटे बाद लग सका। बाद में मालगाड़ी को बुढ़पुरा स्टेशन पर रोका गया। यहां वैगन के खुले दरवाजे को तारों की मदद से कसा गया। इधर, सिगनल टूटने के कारण पुष्पक एक्सप्रेस और झांसी लखनऊ इंटरसिटी को अर्थोरिटी (कर्मचारियों की मदद से) पर कानपुर की तरफ रवाना किया गया।
बिहार के समस्तीपुर से एक खाली मालगाड़ी मंगलवार की रात लखनऊ, कानपुर, टूंडला, आगरा होकर झांसी आ रही थी। रात 2.15 बजे मालगाड़ी झांसी स्टेशन से दस किलोमीटर दूर स्थित करारी स्टेशन से निकली। मालगाड़ी जब झांसी स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तभी सीपरी बाजार कच्चे पुल के नजदीक कानपुर ट्रैक के होम सिगनल को मालगाड़ी के वैगन के खुले दरवाजे ने टक्कर मारकर तोड़ दिया। टकराने के बाद दोबारा वैगन के अंदर आकर फंस गया। इससे वह दोबारा बाहर नहीं निकल सका।
झांसी स्टेशन से मालगाड़ी आगे के लिए रवाना हो गई, लेकिन कोई इस कमी को नहीं पकड़ सका। आधे घंटे बाद जब पुष्पक एक्सप्रेस को रवाना करने का वक्त हुआ, तब सिगनल टूटने का पता लग सका। रेल संचालन से जुड़े कर्मचारियों ने आनन फानन में सिगनल टूटने का कारण का पता किया। बाद में मालगाड़ी को बुढ़पुरा स्टेशन पर रोककर क्षतिग्र्रस्त वैगन के दरवाजे को तलाशा गया। वैगन के दरवाजे में कुंडी न होने पर सीएंडडब्लू कर्मचारियों ने उसे तारों से कसा। बुधवार को उक्त घटना की जांच चलती रही।