प्रदर्शनी मैदान में निर्माणाधीन अटल एकता पार्क ।
झांसी। शहर के मध्य स्थित अटल एकता पार्क का निर्माण कार्य जारी है। मैदान को हरा भरा बनाने के लिए झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा आरबोरी कल्चर के तहत कतारबद्ध सुगंधित पौधों को
लगाया जाएगा। जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया इसके लिए प्राधिकरण द्वारा एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जेडीए ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
महानगर के बीचोबीच स्थित प्रदर्शनी मैदान सालों से दुर्दशा का शिकार था। जेडीए ने इसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल एकता पार्क के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया था। जिससे की पार्क लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर सकें। जेडीए ने विकास की रूप रेखा तैयार कर जेडीए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा था। बोर्ड बैठक में पार्क के निर्माण को हरी झंडी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था।
क्या है आरबोरीकल्चर
आरबोरी कल्चर का मतलब तरह-तरह के पौधों को व्यवस्थित तरीके से लगाने व उनके बारे में अध्ययन और शोध की व्यवस्था भी हो। इसका शाब्दिक अर्थ वृक्ष संवर्धन होता है।