झांसी। पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों से हर कोई परेशान है। मगर झांसी का पेट्रोल मध्यप्रदेश जा रहा है। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में पेट्रोल में 13 रुपये और डीजल में 10 रुपये के अंतर से मध्यप्रदेश के लोग झांसी आ रहे हैं। हालात यह हैं कि लोग ड्रम लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। दोनों प्रदेशों में पेट्रो पदार्थों के दामों में अंतर होने से झांसी में पेट्रोल-डीजल की खपत बढ़ गई है। मध्यप्रदेश में पेट्रोल के दाम 119.31 रुपये और डीजल के दाम 108.69 रुपये हैं। जबकि उत्तर प्रदेश में डीजल के दाम 106.11 और डीजल के दाम 98.44 रुपये है।
-----------
पैसे बचाने के लिए लगाते हैं एक किमी का चक्कर
झांसी-उन्नाव बालाजी रोड पर कोटबेहटा गांव में उत्तर प्रदेश की सीमा का आखिरी पेट्रोल पंप पड़ता है। यहां से करीब एक किमी बाद मध्यप्रदेश के दतिया जिले की सीमा लग जाती है। एक किमी के अंदर पेट्रोल पंप के दामों में अंतर होने से मध्यप्रदेश के लोग यहां आते हैं। पेट्रोल पंप पर लोग ड्रम, 15 लीटर की कैन गाड़ियों में लेकर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंप पर तमाम लोग ऐसे मिले, जो रोज ही एक किमी का चक्कर लगाकर झांसी के पंप पर आते हैं ताकि 13 रुपये का फायदा हो सके।
----------------
चार किमी में दामों में बड़ा अंतर
झांसी के अंबावाय स्थित पेट्रोल पंप से मध्यप्रदेश की सीमा चार किमी दूर लगती है। यहां मध्यप्रदेश के काफी लोग आकर पेट्रोल और डीजल डलवा रहे हैं। आलम यह है कि करीब 10 किमी दूर दतिया तक से लोग पेट्रोल और डीजल लेने आ रहे हैं।
------------
बड़े वाहन भी पहुंच रहे
झांसी से देश की चारों दिशाओं में जाने के लिए बड़ा चौराहा है। यहां से मुंबई, कोटा, दिल्ली, चेन्नई और कोलकाता जाने के लिए बड़े वाहन गुजरते हैं। ग्वालियर, सागर समेत मध्यप्रदेश के इलाकों से माल लेकर बड़े शहरों की ओर जाने वाले ट्रक भी झांसी के पंप से ही डीजल लेते हैं। रक्सा से आठ किमी दूर मध्यप्रदेश की सीमा लगती है। ऐसे में ट्रक चालक झांसी के पंपों से पेट्रोल लेते हैं।
--------------
यह हैं डीजल और पेट्रोल के रेट
मध्यप्रदेश में पेट्रोल- 119.31 रुपये
डीजल के दाम- 108.69 रुपये
उत्तर प्रदेश में पेट्रोल - 106.11 रुपये
डीजल के दाम- 98.44 रुपये
--------------
सीमावर्ती इलाकों में 20 पंप
झांसी में कुल 125 पेट्रोल पंप हैं। इनमें करीब 20 पेट्रोल पंप सीमावर्ती इलाकों में आते हैं। इन पेट्रोल पंप पर इन दिनों आवाजाही बढ़ गई है। पेट्रोल पंप संचालक नितिन मल्होत्रा बताते हैं कि दोनों प्रदेश में पेट्रोल डीजल के रेटों में बड़ा अंतर है। ऐसे में मध्यप्रदेश के अधिकांश लोग आते हैं।
----------
हर महीने करीब डेढ़ करोड़ लीटर की खपत
जिले में हर महीने पेट्रोल की करीब डेढ़ करोड़ लीटर की खपत होती है। जबकि डीजल की दो करोड़ लीटर की खपत होती है। मध्यप्रदेश पेट्रोल जाने से जिले में पेट्रोल डीजल की खपत बढ़ती जा रही है।
--------------
कहते हैं लोग
झांसी और दतिया में पेट्रोल के दामों में काफी अंतर है। इसलिए झांसी की ओर आते हैं। यहां 13 रुपये प्रतिलीटर पेट्रोल सस्ता है।- बबलू, गुलमऊ
----------
मेरे गांव से पेट्रोल पंप पास ही है, लेकिन दाम वहां बहुत ज्यादा हैं। इसलिए झांसी आकर पेट्रोल डलवाते हैं। जो बच जाए, वो काफी है।- राघवेंद्र तिवारी, मुरिया, मप्र
------------
मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के डीजल के दामों में दस रुपये का अंतर है। ट्यूबवेल चलाने के लिए डीजल झांसी से ही लेते हैं। - पंकज, कछार
-----------
पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं। दतिया से झांसी आकर पेट्रोल लेते हैं। करीब 13 रुपये तक की बचत हो जाती है।- हरिओम, दतिया