झांसी। सोमवार की शाम हुई बूंदाबांदी से हंसारी ट्रांसमिशन सब स्टेशन में फाल्ट आ गया। इससे आधे से ज्यादा महानगर की बिजली आपूर्ति ठप रही। सूती मिल, उन्नाव गेट, जेल चौराहा, रानी महल, गल्लामंडी, नंदनपुरा सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली गुल रही। बिजली आने- जाने का सिलसिला देर रात तक बना रहा।
सोमवार शाम तकरीबन तीन बजे बूंदाबांदी के कारण पहले तो उन्नाव गेट फीडर की लाइन में तकरीबन चार बजे फाल्ट आ गया। जिससे उन्नावगेट सहित, थापक बाग क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तकरीबन पांच घंटे ठप रही। इसके बाद हंसारी ट्रांसमिशन सब स्टेशन की 132 केवी लाइन में देर रात तकरीबन आठ बजे फाल्ट आ गया । जिसके कारण नगरीय वितरण खंड प्रथम और द्वितीय के सभी फीडरों की तकरीबन एक घंटे के लिए बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके बाद कर्मचारियों ने देर रात में पेट्रोलिंग कर फाल्ट को सही कराया। इसके बाद दोनों सब स्टेशनों की बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। बिजली नहीं आने से अयोध्यापुरी, अंदर -बाहर उन्नावगेट, पंचवटी, शीतल कॉलोनी, थापक बाग, अलीगोल, नाले का बाग, आईटीआई, सिद्धेेश्वर नगर, नया गांव, महेंद्रपुरी कॉलोनी, पाल कॉलोनी, भांडेरी गेट, मेवातीपुरा, पठौरिया, ग्वालियर रोड क्रॉसिंग, औद्योगिक क्षेत्र, अंसल कॉलोनी, आर्मी, ग्रासलैंड, कांशीराम कॉलोनी और उन्नाव बालाजी रोड के क्षेत्रों में बसे लोगों को परेशानी हुई। वहीं, उन्नाव गेट सब स्टेशन और गल्लामंडी सब स्टेशनों के क्षेत्रों में फाल्ट आने के कारण देर रात तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके बाद विभाग के कर्मचारियों ने देर रात फाल्ट को सही कराकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति चालू कराई।
अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु ने बताया कि हंसारी की 132 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। वहीं, उन्नावगेट सब स्टेशन से जुड़े थापक बाग फीडर में भी फाल्ट आ गया। जिससे तीन से चार घंटे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप रही। देर रात फाल्ट को सही कराकर लाइन को सुचारु कराया गया।
मरम्मत कार्य के चलते तीन घंटे ठप रही नंदनपुरा सब स्टेशन की बिजली
झांसी। सोमवार की सुबह मरम्मत कार्य के चलते तीन घंटे नंदनपुरा सब स्टेशन से जुड़े 15 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान क्षेत्र में रहने वाले 50 हजार लोगों को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ा। इसके बाद महानगर में सायं बारिश के दौरान भी कई जगहों पर फाल्ट आने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बाधित रही। जिससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लाइन में फाल्ट आने से छह घंटे ठप रही उन्नावगेट, थापक बाग फीडर की बिजली
झांसी। सोमवार की सायं तकरीबन चार बजे उन्नावगेट सब स्टेशन की लाइन में फाल्ट आ गया। जिसके कारण उन्नावगेट और थापकबाग फीडर की बिजली सप्लाई देर रात तक ठप रही। इस दौरान क्षेत्र में रहने वाले तकरीबन 12 मोहल्ले के लोगों को भीषण गर्मी से जूझना पड़ा। देर रात फाल्ट को सही कराकर क्षेत्र की बिजली को सुचारु कराया गया।