झांसी। ईसाई टोला वार्ड में मस्जिद चौराहे के पास नगर निगम की छह स्ट्रीट लाइट चोरी चली गईं। स्ट्रीट लाइट चोरी चले जाने से आसपास के इलाके अंधेरे में डूब गए। सोमवार को पार्षद शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचे। उनका कहना है संबंधित एई एवं जेई की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। पार्षदों ने गड़बड़ झाले का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय पार्षद सिद्धार्थ अहिरवार के मुताबिक दो दिन पहले कुछ लोग मोहल्ले में लगी स्ट्रीट लाइट खोल ले गए। स्थानीय लोगों ने पहले उनको ईईसीएल कंपनी का समझा लेकिन, जब पता लगाया गया तब लाइट के बारे में कुछ मालूम ही नहीं चला। स्टोर मेें भी यहां से निकली लाइट दर्ज नहीं हुई। उन्होंने इसकी सूचना विभाग के एई और जेई को दी लेकिन, इन लोगों ने भी चुप्पी साध ली।
लाइट गायब हो जाने के बाद से आसपास के कई इलाके अंधेरे में डूब गए। वहीं, पार्षद कन्हैया कपूर ने भी अन्य वार्डों से भी लाइटों के चोरी होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है आयातित एई और जेई के यहां तैनात होने से मार्ग प्रकाश व्यवस्था पटरी से उतर गई है। जगह-जगह से कीमती लाइट उतारी जा रही है लेकिन, इनको स्टोर में जमा नहीं कराया जा रहा है। पार्षदों ने महापौर से इसकी जांच कराने की मांग की है।