Lazer machine will come in jan aushadi center
झांसी। विकास भवन में महारानी लक्ष्मीबाई स्मारक नेत्र चिकित्सालय के सदस्यों के साथ प्रशासन की बैठक हुई। बैठक में तय हुआ कि चिकित्सालय आने वाले मरीजों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लेजर मशीन की खरीद होगी। इसके अलावा सस्ती दवाओं के लिए जन औषधि केंद्र खोला जाएगा। डीएम ने मरीजों के ऑपरेशन में लगने वाले लेंस, दवाओं की उपलब्धता रखने की बात कही।
बैठक में डीएम ने कहा कि स्मारक की संपत्ति का और विस्तार करने के लिए स्मारक की दुकानों का किराया रिवाइज किया गया है। तहसील स्तर से अब दुकानों का किराया 3995 प्रति दुकान निर्धारित किया गया है। बैठक में एंबुलेंस के रखरखाव तथा शेड बनाए जाने को कहा गया। बैठक में चिकित्सालय के दो नेत्र सर्जन की संविदा अवधि बढ़ाने के साथ ही उन्हें चिकित्सालय प्रांगण में बने आवासों में रहने, वर्ष 2017-18 का ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। महारानी लक्ष्मीबाई स्मारक नेत्र चिकित्सालय में व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के लिए सफाई कर्मचारी, माली सहित इलेक्ट्रीशियन की तैनाती पर भी सहमति प्रदान की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, सुभाष जैन, जितेंद्र नरवारिया, रविंद्र भान कंचन, डॉ. प्रदीप टंडन, डॉ. जितेंद्र जैन मौजूद रहे।