संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। झांसी मंडल में तीसरी रेल लाइन के निर्माण में जाखलौन-धौर्रा को छोड़कर रेलवे ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिससे तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन तेजी से होने लगा है। वहीं रेलवे द्वारा जाखलौन व धौर्रा खंड में डीटूर मार्ग पर यानि जाखलौन से लगभग पांच किलोमीटर घुमाकर धौर्रा तक रेल लाइन बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है, जो अंतिम चरण हैं।
रेलवे द्वारा झांसी मंडल में मथुरा तक जहां झांसी से धौलपुर तक तीसरी रेल लाइन का निर्माण पूरा कर लिया गया है। वहीं रेलवे द्वारा झांसी से जाखलौन और धौर्रा से आगासौद रेलवे स्टेशन तक भी तीसरी रेल लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है। पर्ण हो चुकी तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन भी होने लगा है।
हालांकि जाखलौन से धौर्रा रेलवे स्टेशन के मध्य पुरातत्व की जमीन होने के चलते इस खंड पर ग्यारह किलोमीटर खंड पर निर्माण नहीं हो सका है। रेलवे द्वारा अब जाखलौन से करीब पांच किलोमीटर घुमाते हुए पुरातत्व स्थलों के यानि डीटूर मार्ग पर तीसरी रेल लाइन का निर्माण किया जाना है। इसके लिए रेलवे द्वारा इस डीटूर मार्ग पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का काम लगभग अंतिम चरण में चल रहा है। इसके जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद रेलवे द्वारा यहां तीसरी रेल लाइन निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।