दुकान से सामान लेकर घर लौटते समय गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दुकान से सामान लेकर घर जा रहे किशोर छात्र की साइकिल को तेज रफ्तार भाग रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना बार के ग्राम बछरावनी निवासी अंश यादव (14) पुत्र विजयभान उर्फ बंदू यादव बृहस्पतिवार की शाम को अपनी साइकिल से गांव में स्थित दुकान से सामान खरीदने को गया था। सामान खरीदकर वह वापिस लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार भाग रहे ट्रैक्टर ने अंश यादव की साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे अंश साइकिल सहित सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर की ट्राॅली के पहिया उसके ऊपर से होते हुए निकल गए। इससे अंश गंभीर रूप से घायल हो गया।
आननफानन परिजन उसे कस्बावार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक कक्षा 8वीं का छात्र था और अपनी बहन का इकलौता भाई था। वहीं थाना बार पुलिस ने मृतक किशोर छात्र के पिता विजयभान उर्फ बंदू की तहरीर पर ट्रैक्टर के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।